Wednesday, October 21st, 2026

टाय ने वाइड बॉल फेंककर नहीं होने दिया विंस का शतक

नई दिल्ली 
बिग बैश लीग के क्वॉलिफायर मैच में सिडनी सिक्सर्स की टीम ने एकतरफा मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम को 9 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाई। पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में सिडनी की टीम ने जेम्स विंस की 98 रनों की नाबाद पारी के दम पर इस लक्ष्य को 17 ओवर में हासिल कर लिया। हालांकि, एंड्रयू टाय ने जेम्स विंस को उनका शतक नहीं पूरा करने दिया और आखिरी रन वाइड के तौर पर दे दिया, जिसके बाद विंस काफी गुस्से में भी नजर आए।  दरअसल, सिडनी की पारी का 18वां ओवर शुरू और टीम को जीत के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत थी। जेम्स विंस उस समय 98 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे थे और लग रहा था और लगा रहा था कि वह अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन एंड्रयू टाय ने ओवर की पहली ही गेंद वाइड फेंक दी और विंस अपनी सेंचुरी पूरी करने से चूक गए। इसके बाद विंस कुछ देर क्रीज पर ही खड़े रहे और टाय की तरफ गुस्से वाली नजरों से देखते रहे। हालांकि, बाद में उन्होंने टाय के साथ हाथ मिलाए और पर्थ के साथी खिलाड़ियों ने भी उनकी पारी की तारीफ की।  सिडनी की टीम लगातार दूसरी बार बिग बैश लीग के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। पिछले सीजन टीम ने इस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। पर्थ स्कॉर्चर्स की तरफ से जोश इंग्लिस ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 69 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, टीम के कप्तान टर्नर ने आखिरी के ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली। 
 

 

#टाय

Source : Agency

पाठको की राय